

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और पारंपरिक विरासत के प्रतीक हरेला मेले का आयोजन इस वर्ष भी 16 जुलाई 2026 से भीमताल में भव्य एवं हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा। मेले को सफल और आकर्षक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।


मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को विकास भवन सभागार, भीमताल में कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।



बैठक में मेले के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभागीय स्टॉलों और प्रदर्शनी को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग, स्थानीय शिल्पकारों, जैविक उत्पादों तथा उद्यान विभाग के स्टॉल प्रमुख आकर्षण का केंद्र होंगे।


कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, महिला सुरक्षा तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा।

बैठक में आगंतुकों की सुविधा के लिए पर्याप्त पार्किंग स्थल चिन्हित करने, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था और आपातकालीन सुविधाओं को मजबूत बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।


हरेला पर्व की पर्यावरणीय महत्ता को ध्यान में रखते हुए मेले के दौरान व्यापक पौधारोपण अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।


कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा ने कहा कि हरेला मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का उत्सव है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ 10 जुलाई तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, जिला मंत्री मनोज भट्ट, प्रदीप पाठक, योगेश तिवारी, पंकज जोशी, नगर पालिका परिषद भीमताल की अध्यक्ष सीमा टमटा, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, उपजिलाधिकारी एवं मेलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

