

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लगातार हो रहे भूस्खलन और मूसलाधार बारिश के कारण खाला गांव के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। देर रात हुई भारी बारिश से गांव को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है।


भूस्खलन के कारण क्षेत्र में कई भवनों पर भी खतरा मंडराने लगा है। खाला गांव में करीब 25 से 30 परिवार निवास करते हैं, जो लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी दरकने की घटनाओं के चलते भय के साये में जीवन बिताने को मजबूर हैं।



ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2025 की आपदा के दौरान भी भारी मात्रा में मलबा उनके घरों में घुस गया था और मुख्य सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बावजूद अब तक सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं हो सकी, जिससे हर बारिश के दौरान खतरा और बढ़ जाता है।


विगत रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद एक बार फिर मुख्य मार्ग पूरी तरह टूट गया। सूचना मिलते ही मसूरी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तथा जिलाधिकारी आशीष चौहान मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त सड़क तथा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को सड़क की मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर ही सड़क के पुनर्निर्माण और मरम्मत के लिए 30 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की, ताकि आवागमन जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।


मंत्री ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की समस्या से बचाव के लिए नाले में चेक डैम का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे, जिससे सड़क और आसपास के क्षेत्र को भूस्खलन से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।


गणेश जोशी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी ग्रामीण को अपना मकान खाली करने के लिए नहीं कहा जाएगा। उन्होंने सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए सड़क की मरम्मत शीघ्र पूरी की जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
क्षेत्रीय पार्षद सुमेंद्र बोरा ने कहा कि वर्ष 2025 की आपदा के बाद से ही सड़क की मरम्मत की मांग लगातार उठाई जा रही थी। कई बार अधिकारियों से संपर्क करने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हो पाया, जिससे ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार स्वीकृत धनराशि से जल्द निर्माण कार्य पूरा होगा और लोगों को राहत मिलेगी।

