

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच को लेकर बुधवार को देहरादून स्थित सीबीआई कार्यालय के बाहर विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की जांच में पारदर्शिता लाने और जांच की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने की मांग उठाई।


प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सीबीआई कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर दी। जब प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय की ओर बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके चलते मौके पर कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।



पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सीबीआई आवास परिसर के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक जांच की प्रगति स्पष्ट नहीं की जाती और सभी सवालों के जवाब नहीं दिए जाते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।


प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कई महत्वपूर्ण सवालों पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। उनका आरोप है कि जांच की मौजूदा स्थिति को सार्वजनिक नहीं किया गया और नई प्रगति की जानकारी भी सामने नहीं आई है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अंकिता भंडारी के माता-पिता का बयान अब तक क्यों नहीं लिया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर अभी भी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे लोगों के मन में कई तरह के सवाल बने हुए हैं।


प्रदर्शन में कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता सुजाता पॉल सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए सीबीआई से पूरे मामले की प्रगति सार्वजनिक करने की अपील की।



प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रदेश का अत्यंत संवेदनशील मामला है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जांच एजेंसी को पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

