डॉक्टर्स डे पर लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों का सम्मान, पर्यावरण मित्र भी हुए सम्मानित

डॉक्टर्स डे पर लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों का सम्मान, पर्यावरण मित्र भी हुए सम्मानित

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

डॉक्टर्स डे के अवसर पर लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में कार्यरत सभी चिकित्सकों को उनके उत्कृष्ट सेवा भाव और बेहतर कार्यप्रणाली के लिए सम्मानित किया गया। भाजपा नेताओं और व्यापार संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा की अध्यक्षता तथा गोविंद सिंह बोहरा के संचालन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी रहे। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे के नेतृत्व में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों ने चिकित्सकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने कहा कि चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी के नेतृत्व में उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सक क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि अस्पताल की ओपीडी में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और लोगों का अस्पताल पर विश्वास मजबूत हुआ है।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि एक समय लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय को रेफर केंद्र के रूप में देखा जाता था, लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति किए जाने के बाद अस्पताल की तस्वीर और व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सकों और चिकित्सा स्टाफ की मेहनत के कारण दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल रहा है। इससे लोगों को बड़े शहरों के अस्पतालों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है और समय व धन दोनों की बचत हो रही है।

समारोह के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने चिकित्सकों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करते रहने की अपील की। चिकित्सकों ने भी सम्मान के लिए आयोजकों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए जनता की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के अंत में चिकित्सकों के साथ-साथ अस्पताल में कार्यरत पर्यावरण मित्रों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, व्यापार संघ के सदस्यों तथा अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।