रानीखेत में एफडीए का सघन निरीक्षण, अनियमितताओं पर एक दवा लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति

रानीखेत में एफडीए का सघन निरीक्षण, अनियमितताओं पर एक दवा लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : अल्मोड़ा

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) विभाग ने जनपद अल्मोड़ा में औषधियों के सुरक्षित एवं विधिसम्मत क्रय-विक्रय को सुनिश्चित करने के लिए रानीखेत क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न मेडिकल स्टोरों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी के नेतृत्व में हुए निरीक्षण में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा संबंधित नियमों के अनुपालन की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के आधार पर एक औषधि अनुज्ञापत्र (लाइसेंस) के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की संस्तुति की गई।

इसके अलावा तीन औषधि प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उनके यहां दवाओं के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। संबंधित प्रतिष्ठानों को लाइसेंस की सभी शर्तों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

एफडीए ने प्रतिष्ठानों में पंजीकृत फार्मासिस्ट की नियमित उपलब्धता, दवाओं के विधिसम्मत क्रय-विक्रय, आवश्यक अभिलेखों के संधारण तथा औषधि नियमों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियों को दूर कर विभाग को अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग ने चेतावनी दी कि औषधि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ भविष्य में भी नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।