

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : हल्द्वानी


कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में शनिवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन, स्वास्थ्य सुविधाओं और यात्रा मार्ग पर की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


बैठक में बताया गया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा 4 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 5 जुलाई को टनकपुर स्थित टीआरसी से श्रद्धालुओं के पहले दल को हरी झंडी दिखाकर लिपुलेख-गुंजी के लिए रवाना करेंगे।


वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पिथौरागढ़ और चंपावत के जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों, केएमवीएन, बीआरओ, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए मंडल आयुक्त ने यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पेयजल और आवागमन की सभी व्यवस्थाएं यात्रा शुरू होने से पहले पूरी कर ली जाएं तथा प्रत्येक पड़ाव पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें।

बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए कुल 10 दल रवाना होंगे। प्रत्येक दल में लगभग 50 श्रद्धालु शामिल होंगे। टनकपुर से शुरू होने वाली यात्रा की अवधि 18 दिन निर्धारित की गई है।
स्वास्थ्य विभाग को यात्रा मार्ग पर मेडिकल कैंप, डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, भू-स्खलन या भारी वर्षा जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को अलर्ट मोड पर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

बीआरओ और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी स्थान पर सड़क अवरुद्ध होती है तो उसे तत्काल खोलने की कार्रवाई की जाए। इसके लिए सभी संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक मशीनरी पहले से तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए।


मंडल आयुक्त दीपक रावत ने सभी संबंधित विभागों से “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी चंपावत, जिलाधिकारी पिथौरागढ़, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़, पुलिस अधीक्षक चंपावत, बीआरओ के वरिष्ठ अधिकारी तथा केएमवीएन के महाप्रबंधक मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

