

लोकेशन : विकासनगर
ब्यूरो रिपोट


उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र में उपनल कर्मचारियों के अधिकारों, समान कार्य के लिए समान वेतन और नियमितीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने पर उपनल कर्मचारी संगठनों ने विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है। कर्मचारियों ने इसे उनके लंबे समय से लंबित मुद्दों को समाधान की दिशा में ले जाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।


विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने विधानसभा में वर्षों से सेवाएं दे रहे उपनल कर्मचारियों के लिए ठोस नियमितीकरण नीति बनाए जाने की मांग उठाई। उन्होंने आउटसोर्सिंग व्यवस्था के नाम पर कर्मचारियों के साथ हो रहे आर्थिक और मानसिक शोषण को समाप्त करने तथा उनके मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि किए जाने पर भी जोर दिया।


विधानसभा में इस मुद्दे पर चर्चा के बाद सरकार ने समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने और रिक्त पदों के सापेक्ष नियमितीकरण की नीति तैयार करने की घोषणा की है। इसके साथ ही उपनल कर्मचारियों के कल्याण के लिए मृत्यु पर मिलने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये करने तथा कर्मचारियों की बेटी के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी प्रावधान किया गया है।


उपनल कर्मचारी संगठनों ने विधायक मुन्ना सिंह चौहान की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही नियमितीकरण नीति को लागू कर कर्मचारियों को स्थायी राहत प्रदान करेगी।
कर्मचारियों का कहना है कि इससे लंबे समय से सेवा दे रहे हजारों उपनल कर्मियों को न्याय और रोजगार सुरक्षा मिल सकेगी।


