रुड़की में दलित समाज की महापंचायत, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह की गिरफ्तारी की मांग

रुड़की में दलित समाज की महापंचायत, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह की गिरफ्तारी की मांग

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोट

रुड़की के रविदास घाट पर आयोजित दलित समाज की महापंचायत में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह के खिलाफ कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई महापंचायत में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने हिस्सा लिया और कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में विस्तार दिया जाएगा।

महापंचायत को संबोधित करते हुए कार्यक्रम संयोजक एवं अंतरराष्ट्रीय रविदास धाम जनकल्याण ट्रस्ट के संस्थापक योगेश प्रमुख ने कहा कि कथित टिप्पणी से पूरे दलित समाज के सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंची है उन्होंने कहा कि समाज अपने सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा और यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

महापंचायत में पहुंचे राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि यह किसी जाति विशेष का नहीं, बल्कि एक व्यक्ति के कथित गलत आचरण का मामला है उन्होंने आरोप लगाया कि दलित समाज की बहन-बेटियों के लिए कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वह दलित समाज के साथ खड़े हैं।

देशराज कर्णवाल ने यह भी कहा कि यदि कुंवर प्रणव सिंह सार्वजनिक रूप से अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगते हैं तो समाज इस पर विचार कर सकता है हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज के सम्मान से जुड़ा यह मामला गंभीर है और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई होनी चाहिए।

महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की भाषा मर्यादित और जिम्मेदार होनी चाहिए उनका कहना था कि जो व्यक्ति समाज के सम्मान और सामाजिक सौहार्द का ध्यान नहीं रख सकता, उसे सार्वजनिक जीवन में रहने का नैतिक अधिकार नहीं है उन्होंने कानून के दायरे में रहते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

महापंचायत में यह निर्णय भी लिया गया कि एक प्रतिनिधिमंडल हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूर्व विधायक की गिरफ्तारी की मांग करेगा समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि जब तक मामले में उचित कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर इसे प्रदेशव्यापी स्वरूप दिया जाएगा।