सोशल मीडिया वीडियो पर आपत्ति, मुस्लिम समाज ने कार्रवाई की मांग

सोशल मीडिया वीडियो पर आपत्ति, मुस्लिम समाज ने कार्रवाई की मांग

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोट

रामनगर में मुस्लिम समाज के लोगों ने एक महिला के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में इस्लाम धर्म के पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब और हज़रत आयशा के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं पुलिस से मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की मांग की गई है।

समाजसेवी जिशान कुरैशी के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के दर्जनों लोग रामनगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी शिकायत में आरोप लगाया गया कि 11 जून को एक इंस्टाग्राम अकाउंट से प्रसारित वीडियो में इस्लाम धर्म के पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब और हज़रत आयशा के संबंध में कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वीडियो में की गई कथित टिप्पणियों से मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस प्रकार की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को प्रभावित कर सकती हैं उनका कहना है कि ऐसे मामलों में समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है, ताकि समाज में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएं।

पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू करने की बात कही है अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।