

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोट


जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के तत्वावधान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के आह्वान पर “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम का आयोजन किया गया कार्यक्रम को पूरी तरह गैर-राजनीतिक स्वरूप देने का दावा किया गया, जिसमें छात्रों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि छात्र और युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी पूंजी और भविष्य होते हैं उन्होंने कहा कि उन्हें मजबूत, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान समय में शिक्षा और भर्ती व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में है उन्होंने युवाओं से अपनी समस्याओं और अधिकारों की आवाज लोकतांत्रिक तरीके से उठाने की अपील भी की।



राजेंद्र चौधरी ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की जिम्मेदारी एक गैर-सरकारी संस्था को सौंपा जाना गंभीर चिंता का विषय है उनका आरोप था कि परीक्षा प्रणाली में सामने आई पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों मेहनती छात्रों के सपनों को प्रभावित किया है उन्होंने कहा कि जिन संस्थाओं पर योग्य अभ्यर्थियों के चयन की जिम्मेदारी है, उन्हें पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करना चाहिए।


शिक्षाविद एवं इंजीनियर वैभव सैनी ने कहा कि भारत की शिक्षा और चयन प्रणाली का इतिहास काफी पुराना और मजबूत रहा है उन्होंने कहा कि पहले प्रतियोगी परीक्षाएं निष्पक्ष तरीके से आयोजित होती थीं, लेकिन हाल के वर्षों में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है उन्होंने परीक्षा प्रणाली को तकनीकी रूप से अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता ने कहा कि देश के युवाओं और छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समान अवसर और सुरक्षित भविष्य मिलना चाहिए उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है सरकार को छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान मौजूद छात्रों और युवाओं ने भी शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए वक्ताओं ने छात्रों को जागरूक रहने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का संदेश दिया कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता, कांग्रेस नेता प्रणय प्रताप, शिक्षाविद एवं इंजीनियर वैभव सैनी, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आशीष चौधरी, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ओवेश अंसारी सहित अनेक कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित रहे।



