‘छात्रों की गूँज’ अभियान के तहत कांग्रेस ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को उठाया

‘छात्रों की गूँज’ अभियान के तहत कांग्रेस ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को उठाया

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोट

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘छात्रों की गूँज’ अभियान के तहत शुक्रवार को स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कोटा (राजस्थान) में राहुल गांधी द्वारा विद्यार्थियों के साथ किए गए संवाद का डिजिटल प्रेजेंटेशन दिखाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में NEET और JEE अभ्यर्थियों ने भाग लेकर शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ते निजीकरण और रोजगार के अवसरों जैसे विषयों पर खुलकर चर्चा की। छात्रों ने निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।

कार्यक्रम के बाद हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने संयुक्त प्रेसवार्ता को संबोधित किया। सुमित हृदयेश ने कहा कि आज देश का छात्र केवल परीक्षा नहीं दे रहा, बल्कि एक ऐसी व्यवस्था से संघर्ष कर रहा है जिसमें पेपर लीक, भर्ती घोटाले और वर्षों तक रिक्त पदों पर नियुक्तियां न होने जैसी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं की आवाज़ को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी।

सुमित हृदयेश ने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी कठिन परिस्थिति में निराश न हों और आत्महत्या जैसा कदम कभी न उठाएं। उन्होंने कहा कि हर समस्या का समाधान संभव है और कांग्रेस छात्रों के अधिकार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्ती और सम्मानजनक रोजगार के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि ‘छात्रों की गूँज’ केवल एक अभियान नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सहित देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है और कांग्रेस प्रत्येक छात्र के लिए निष्पक्ष परीक्षा, समयबद्ध भर्ती और समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग कर रही है।

कार्यक्रम में हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, नरेश अग्रवाल, मलय बिष्ट, प्रदीप सर, गोविंद बगड़वाल, मधु सांगूड़ी, राधा आर्य, गिरीश पांडे, मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, कौशलेंद्र भट्ट, स्वाति जोशी, इंजीनियर सुमित कुमार, संजू पाना, अमित रावत, लाल सिंह पवार, आशीष कुड़ाई, नितिन भट्ट, शंकर कोहली, चंदन भाकुनी, गुड्डू सम्मल, दिवेश तिवारी, जिज्ञासु भट्ट, उदित करायत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र-युवा मौजूद रहे।