भीमताल क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क सुधार की मांग, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया से की मुलाकात

भीमताल क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क सुधार की मांग, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया से की मुलाकात

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोट

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने नई दिल्ली में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं को सुदृढ़ करने की मांग उठाई। उन्होंने दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में संचार सुविधाओं की कमी से लोगों को हो रही समस्याओं से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में एक दर्जन से अधिक बीएसएनएल के 4जी टावर स्थापित किए गए हैं। हालांकि इनमें से कई टावर सैटेलाइट के माध्यम से संचालित होने के कारण अपेक्षित गुणवत्ता के साथ कार्य नहीं कर पा रहे हैं।

राम सिंह कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र के कई दूरदराज और पर्वतीय गांवों में आज भी मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं है। इससे स्थानीय निवासियों, छात्रों, व्यापारियों और पर्यटकों को रोजमर्रा के कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नेटवर्क विहीन गांवों में नए मोबाइल टावर स्थापित करने और मौजूदा बीएसएनएल 4जी टावरों को फाइबर नेटवर्क से जोड़ने का आग्रह किया।

उन्होंने यह भी कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र एक प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है। बेहतर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों को लाभ मिलने के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा तथा डिजिटल सेवाओं का विस्तार होगा।

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंत्री राम सिंह कैड़ा की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को भीमताल क्षेत्र में संचार सेवाओं का सर्वे कराने और नेटवर्क कनेक्टिविटी को जल्द मजबूत करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।