लालकुआँ रेलवे स्टेशन पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं का किया निरीक्षण

लालकुआँ रेलवे स्टेशन पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं का किया निरीक्षण

स्थान :लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर इज्जतनगर मंडल के दो दिवसीय निरीक्षण दौरे के तहत शुक्रवार को लालकुआँ रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और परिचालन प्रणाली का विस्तृत निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन पर निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की तथा निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज की क्षमता और गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आरक्षित टिकट काउंटर के समय में बदलाव के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने आरक्षण खिड़की का समय वर्तमान शाम 4 बजे तक सीमित रखने के बजाय पूर्व की व्यवस्था के अनुसार बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार करने की बात कही, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।

उदय बोरवणकर ने कहा कि भारतीय रेलवे लगातार आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेनों का विस्तार कर रहा है। उन्होंने बताया कि वंदे भारत, अमृत भारत और वंदे भारत स्लीपर जैसी अत्याधुनिक ट्रेनों के संचालन को लेकर भी गंभीरता से मंथन किया जा रहा है और भविष्य में यात्रियों को इन सेवाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेशन विकास कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं तथा यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने महाप्रबंधक को विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। रेलवे प्रशासन ने विश्वास जताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के पूर्ण होने के बाद लालकुआँ रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक बेहतर यात्री केंद्र के रूप में विकसित होगा।