

स्थान : खटीमा
रिपोर्ट : अशोक सरकार


नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने खटीमा में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्य चौक पर विधायक भुवन चंद्र कापड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से देश के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।



विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाली अनियमितताओं के कारण मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य संकट में पड़ रहा है।


उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही कहा कि सरकार को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे भविष्य में किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की गोपनीयता से समझौता न हो।

कापड़ी ने यह भी आरोप लगाया कि लगातार भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं के कारण युवाओं का सरकारी भर्ती प्रणाली से विश्वास कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने इसे देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताया।

प्रदर्शन में नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।



