

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोट


पल्स पोलियो मुक्त भारत एवं उत्तराखंड अभियान के तहत राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम का शुभारंभ 28 जून से होने जा रहा है। अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी के निर्देशन में आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।


प्रशिक्षण के दौरान डॉ. विराज राठी ने बताया कि 28 जून को विकासखंड के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को दवा पिलाएंगे, जो बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे।



उन्होंने बताया कि लोहाघाट नगर में पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड और वीर कालू सिंह चौराहे पर मोबाइल वैन की भी व्यवस्था की गई है। इन मोबाइल बूथों के माध्यम से यात्रा कर रहे छोटे बच्चों को भी पोलियो की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।


डॉ. राठी ने कहा कि पोलियो एक लाइलाज बीमारी है, जिससे बचाव का एकमात्र प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की दवा पिलाना है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अवश्य पोलियो की खुराक पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं को अभियान के संचालन, घर-घर सर्वे, छूटे हुए बच्चों की पहचान और दवा पिलाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर राकेश पंत (बीपीएम) और निर्मला पुनेठा (ब्लॉक कॉर्डिनेटर) ने आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। बैठक में उमेश जोशी सहित सभी आशा कार्यकर्ता एवं आशा फैसिलिटेटर उपस्थित रहे।



