लाइनमैन देवेंद्र कुमार मौत प्रकरण में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग तेज, आंदोलन की चेतावनी

लाइनमैन देवेंद्र कुमार मौत प्रकरण में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग तेज, आंदोलन की चेतावनी

स्थान : कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोट

कालाढूंगी तहसील के न्याय पंचायत बैलपड़ाव ग्राम सभा में लगभग एक माह पूर्व बिजली विभाग में तैनात लाइनमैन देवेंद्र कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है। परिजनों, स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि शेष आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

मामले में परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने विद्युत विभाग के बैलपड़ाव सब स्टेशन में तैनात एक जूनियर इंजीनियर (जेई) और एक लाइनमैन को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि परिजनों का आरोप है कि घटना में शामिल ठेकेदार और अन्य संलिप्त लोग अभी भी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

इसी मुद्दे को लेकर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारियों, जिला पंचायत सदस्य और ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी ने मृतक देवेंद्र कुमार के परिवार को न्याय दिलाने के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प लिया और फरार आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यदि समय रहते ठेकेदार और अन्य आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र के लोग व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

वहीं मृतक देवेंद्र कुमार की पत्नी ने बताया कि घटना के बाद अब तक न तो विद्युत विभाग और न ही प्रशासन की ओर से परिवार को कोई आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि परिवार की आजीविका पूरी तरह देवेंद्र की आय पर निर्भर थी और अब उनके सामने परिवार का पालन-पोषण करना बड़ी चुनौती बन गया है।

मृतक के परिवार में वृद्ध मां, पत्नी और छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिजनों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से आर्थिक सहायता, न्याय तथा दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की उम्मीद है।