ज्योतिर्मठ में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया मां राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी का पाटोत्सव

ज्योतिर्मठ में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया मां राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी का पाटोत्सव

स्थान : ज्योतिर्मठ
ब्यूरो रिपोट

शुक्रवार को ज्येष्ठ शुक्ल द्वादशी के पावन अवसर पर ज्योतिष पीठ ज्योतिर्मठ स्थित अखिल-कोटि ब्रह्माण्ड नायिका मां राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी मंदिर में भगवती श्रीदेवी जी का पाटोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर मां भगवती के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

पाटोत्सव के अवसर पर ज्योतिर्मठ के दंडी स्वामी प्रत्यक चैतन्य मुकुंदानंद गिरी महाराज के सान्निध्य में मां ललितांबर त्रिपुर सुंदरी की विशेष पूजा-अर्चना एवं वैदिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। धार्मिक विधि-विधान के साथ देवी का अभिषेक एवं विशेष पूजन किया गया।

मंदिर के गर्भगृह को ऋतु फलों और आकर्षक पुष्प सज्जा से भव्य रूप से सजाया गया। पूजा के दौरान मां भगवती को विभिन्न प्रकार के फल, मिष्ठान और अन्य प्रसाद अर्पित किए गए। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

दोपहर 12 बजे ज्योतिर्मठ परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं।

मठ के प्रबंधक विष्णु प्रिय नंद स्वामी ने पाटोत्सव में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, श्रद्धा और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

पाटोत्सव में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से गुलजार रहा और भक्तों ने मां राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी के जयकारों के साथ धार्मिक उत्सव को भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न कराया।