उत्तराखंड में अगले कुछ दिन बदलेगा मौसम, 29-30 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में अगले कुछ दिन बदलेगा मौसम, 29-30 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोट

उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने 26 जून से 1 जुलाई तक राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार 26 से 28 जून तक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत समेत अधिकांश पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

29 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने के आसार हैं। इसके साथ ही अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है।

30 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से इन जिलों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि 29 और 30 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जनपद में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है। साथ ही प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।