डोईवाला में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से ठप हुई सफाई व्यवस्था, कई इलाकों में लगे कूड़े के ढेर

डोईवाला में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से ठप हुई सफाई व्यवस्था, कई इलाकों में लगे कूड़े के ढेर

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोट

डोईवाला नगर पालिका से जुड़े सफाई कर्मचारी, कूड़ा वाहन चालक और हेल्पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के चलते नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

हड़ताल के दौरान नगर पालिका परिसर में कर्मचारियों और पालिका प्रशासन के बीच वार्ता आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत तथा कई सभासद मौजूद रहे। कर्मचारियों ने वेतन, अवकाश, कार्य परिस्थितियों और ठेकेदारी प्रथा सहित अपनी विभिन्न मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।

वार्ता के दौरान कुछ मांगों पर सहमति बनी, जबकि कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अभी भी सहमति नहीं बन सकी। पालिका प्रशासन ने कर्मचारियों को उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया और बातचीत जारी रखने की बात कही।

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता राजवीर सिंह खत्री ने सफाई कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि कर्मचारियों का शोषण किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।

श्रमिक नेता एवं सभासद संदीप नेगी ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। वहीं कर्मचारी नेता सौरभ और प्रधान राजू ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को उचित वेतन, वाहन चालकों को कार्य के अनुरूप पारिश्रमिक, समय पर अवकाश और निर्धारित छुट्टियों का लाभ मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने नगर पालिका में ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने की भी मांग उठाई।

हड़ताल के चलते नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था प्रभावित रही, जिससे आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और कर्मचारियों से जल्द वार्ता के माध्यम से समाधान निकालकर नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने की अपील की है।