

स्थान :बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा


नेता प्रतिपक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक यशपाल आर्य ने बाजपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और वार्डों का दौरा कर कई विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।


डबरा टांडा में उन्होंने ₹5 लाख की लागत से निर्मित मार्ग का लोकार्पण किया। वहीं बरखेड़ी में श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण के लिए ₹12.40 लाख की लागत वाली योजना का शिलान्यास किया गया। धीमरखेड़ा में ₹17 लाख की लागत से बनने वाले सड़क मार्गों की आधारशिला भी रखी गई।



इसके अलावा आदर्श नगर वार्ड संख्या-4 में ₹10 लाख की लागत से बनने वाले मार्ग तथा विजय नगर वार्ड संख्या-1 में ₹6 लाख की लागत से बनने वाले श्मशान घाट का शिलान्यास किया गया। बरखेड़ा पांडे में कब्रिस्तान की चारदीवारी के लिए ₹10 लाख की योजना का लोकार्पण और ₹7 लाख की लागत से बनने वाले मार्ग का शिलान्यास भी यशपाल आर्य ने किया।


कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गांवों और वार्डों के लोगों ने नेता प्रतिपक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों और वार्डवासियों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों से उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर रिजवान अहमद, अब्दुल हसन (पूर्व अध्यक्ष), इमरान, उदयराज, सीताराम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।


