अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर एसएसबी की भव्य साइकिल रैली, युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश

अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर एसएसबी की भव्य साइकिल रैली, युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में तथा सीमांत मुख्यालय रानीखेत के महानिरीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने रानीखेत में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया। रैली का उद्देश्य युवाओं और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश देना था।

सीमांत मुख्यालय गनियादयोली से गांधी चौक, रानीखेत तक निकाली गई इस साइकिल रैली में एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश दिया गया और लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। ऐसे जागरूकता अभियानों का उद्देश्य युवाओं और युवतियों को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और स्वस्थ जीवन के प्रति प्रेरित करना है।

इस अवसर पर तंबाकू, धूम्रपान और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि नशीले पदार्थों का सेवन कैंसर, हृदय रोग सहित कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, जवानों और स्थानीय नागरिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता अभियान जारी रहेंगे, ताकि समाज में नशे के खिलाफ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके और युवाओं को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जा सके।