लालकुआं में सरकारी भूमि से हटाया गया अतिक्रमण, प्रशासन ने क्षेत्र किया सील

लालकुआं में सरकारी भूमि से हटाया गया अतिक्रमण, प्रशासन ने क्षेत्र किया सील

स्थान : लालकुआँ
ब्यूरो रिपोट

लालकुआं नगर पंचायत कार्यालय के समीप अशोक सिनेमा क्षेत्र में स्थित राजस्व विभाग की सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कब्जा हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। कार्रवाई के बाद भविष्य में दोबारा अवैध कब्जा रोकने के उद्देश्य से संबंधित क्षेत्र को सील कर दिया गया।

प्रशासन के अनुसार, उक्त सरकारी भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं और मामला चर्चा का विषय बना हुआ था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया।

कार्रवाई के बाद संबंधित भूमि को प्रशासन ने अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया है, ताकि भविष्य में दोबारा किसी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण न हो सके। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण भी किया।

उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रेखा कोहली ने बताया कि यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भूमि को खाली कराया है तथा न्यायालय के आदेशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि मामले में आगे की कार्रवाई भी न्यायालय से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप ही की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा न्यायिक प्रक्रिया का पूर्ण सम्मान करना है।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन की यह कार्रवाई भविष्य में ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।