

स्थान : टनकपुर (चंपावत)
ब्यूरो रिपोट


ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टनकपुर क्षेत्र से 253 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 लाख रुपये आंकी जा रही है।


पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत एसओजी और पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। टीम ने मनिहारगोठ क्षेत्र में दबिश देकर तस्लीम मंसूरी नामक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 253 ग्राम स्मैक, बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, 900 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।



पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्मैक को पीलीभीत से लाकर क्षेत्र के युवाओं को बेचने का काम करता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और मुख्य सप्लायर की तलाश में जुट गई है, ताकि नशा तस्करी की जड़ों तक पहुंचा जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और किसी भी स्तर पर नशा तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल सभी लोगों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह तस्करी नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।


