

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोट


कर्णप्रयाग में निहंग सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुई हिंसक घटना तथा नगरासू गुरुद्वारे को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद पंजाब से बड़ी संख्या में निहंग सिख उत्तराखंड की ओर रवाना हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन ने प्रदेश की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।


उत्तराखंड-हिमाचल सीमा स्थित विकासनगर के कुल्हाल बॉर्डर पर पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई। प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर निहंग श्रद्धालुओं को रोकने का प्रयास किया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए।



इस बीच पांवटा साहिब गुरुद्वारे में प्रशासनिक अधिकारियों और निहंग प्रतिनिधियों के बीच कई घंटों तक वार्ता चली, लेकिन बातचीत किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। वार्ता विफल होने के बाद स्थिति और संवेदनशील हो गई।


बातचीत बेनतीजा रहने के बाद निहंग सिख श्रद्धालुओं ने कुल्हाल बॉर्डर पर लगाए गए बैरिकेड्स हटाकर देहरादून की ओर कूच कर दिया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा और बढ़ा दी गई।

प्रशासन का कहना है कि प्रदेश में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए जाएंगे, ताकि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।



