हेमकुंड साहिब जा रहे निहंगों का जत्था बैरिकेड्स तोड़ उत्तराखंड में दाखिल, पुलिस-प्रशासन अलर्ट

हेमकुंड साहिब जा रहे निहंगों का जत्था बैरिकेड्स तोड़ उत्तराखंड में दाखिल, पुलिस-प्रशासन अलर्ट

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोट

हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे निहंगों के एक जत्थे ने उत्तराखंड-हिमाचल सीमा स्थित कुल्हाल बैरियर पर लगाए गए बैरिकेड्स तोड़कर उत्तराखंड में प्रवेश कर लिया। जत्था प्रेमनगर क्षेत्र तक पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। पूरे घटनाक्रम पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि सुबह से ही कुल्हाल बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की ओर से निहंगों के विभिन्न समूहों के साथ लगातार वार्ता की जा रही थी ताकि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रहे और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

एसएसपी के अनुसार, अधिकांश निहंग प्रशासन के साथ हुई बातचीत के बाद पोंटा साहिब में रुकने पर सहमत हो गए थे। हालांकि, करीब 15 से 20 लोगों का एक छोटा समूह पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ गया और उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश कर गया।

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। संबंधित समूह की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जा रही है और परिस्थितियों के अनुसार जल्द ही उचित निर्णय लेकर आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।