मोहर्रम, वीवीआईपी दौरे और न्यायिक अतिथियों की सुरक्षा को लेकर एसएसपी ने की समीक्षा बैठक

मोहर्रम, वीवीआईपी दौरे और न्यायिक अतिथियों की सुरक्षा को लेकर एसएसपी ने की समीक्षा बैठक

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोट

मोहर्रम पर्व, वीवीआईपी भ्रमण और उच्च न्यायालय व सर्वोच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्तियों के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी की अध्यक्षता में गुरुवार को हल्द्वानी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में एसएसपी ने निर्देश दिए कि मोहर्रम के सभी जुलूसों और ताजिया मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा आयोजकों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए। साथ ही वीवीआईपी, माननीय न्यायमूर्तियों और संभावित मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के भ्रमण मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए निर्धारित रूट एवं ड्यूटी प्लान का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि नैनीताल और हल्द्वानी कंट्रोल रूम पूरी अवधि के दौरान सक्रिय रहेंगे। कार्यक्रम स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों, होटलों और गेस्ट हाउसों में नियमित चेकिंग, सत्यापन और सुरक्षा जांच की जाएगी। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्जन, पार्किंग और रूट प्रबंधन की पूर्व तैयारी करने के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (BDS), फायर सर्विस, एलआईयू तथा अन्य संबंधित इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया। जुलूसों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जाएगा।

बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए एसएसपी ने कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले भ्रामक, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ ‘क्लीन स्वीप अभियान’ के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रात्रि और प्रातःकालीन समय में नाइट अधिकारी, जोनल अधिकारी, थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे।

समीक्षा बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के अधिकांश थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी शामिल हुए, जबकि पुलिस अधीक्षक नैनीताल, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, पुलिस अधीक्षक संचार, क्षेत्राधिकारी, अग्निशमन अधिकारी, एलआईयू तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे। बैठक के अंत में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए मोहर्रम एवं अन्य वीवीआईपी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।