

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी


रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब (RMOC) के अध्यक्ष सुमित गोयल ने प्रेस वार्ता में बताया कि आगामी 10 से 12 जुलाई 2026 तक नरसिंह स्टेडियम, रानीखेत में “द ट्रांस लूप्स” नामक 48 घंटे की अल्ट्रा एंड्योरेंस रन का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का संचालन द एंड्योरेंस कलेक्टिव (The Endurance Collective) द्वारा किया जाएगा, जिसमें देशभर के अनुभवी और नवोदित अल्ट्रा रनर्स हिस्सा लेंगे।


प्रतियोगिता में 6 घंटे, 12 घंटे, 24 घंटे और 48 घंटे की चार अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रतिभागियों को निर्धारित समय के भीतर स्टेडियम ट्रैक पर अधिकतम दूरी तय करनी होगी। आयोजकों का कहना है कि इस प्रारूप से विभिन्न आयु वर्ग और अनुभव स्तर के धावकों को अपनी क्षमता के अनुरूप प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।



सुमित गोयल ने बताया कि 10 जुलाई को सुबह 8:30 बजे से प्रतिभागियों के लिए बिब वितरण और रेस ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी। इसके बाद शाम 4:00 बजे प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ होगा। यह अल्ट्रा एंड्योरेंस रन लगातार 48 घंटे तक चलेगी और 12 जुलाई को निर्धारित समय पर संपन्न होगी।

उन्होंने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड में एंड्योरेंस रनिंग को बढ़ावा देना, युवाओं में फिटनेस और साहसिक खेलों के प्रति रुचि विकसित करना तथा रानीखेत को राष्ट्रीय स्तर पर स्पोर्ट्स एवं एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। उनका मानना है कि इस आयोजन से स्थानीय पर्यटन, होटल उद्योग, परिवहन और व्यापार को भी नई गति मिलेगी।
प्रतिभागियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आयोजन समिति ने चिकित्सा सहायता, हाइड्रेशन, पोषण, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारी की है। सुमित गोयल ने देशभर के धावकों और खेल प्रेमियों से इस ऐतिहासिक आयोजन में भाग लेने की अपील करते हुए बताया कि इच्छुक प्रतिभागी www.theec.co.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रतियोगिता रानीखेत को देश के प्रमुख अल्ट्रा रनिंग आयोजनों में नई पहचान दिलाएगी तथा भविष्य में इसे वार्षिक आयोजन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. विनीता जैन, कैप्टन मनीष सिंह, देवांशु साह गंगोला, अनिल गोयल, गोविंद सिंह बिष्ट, जीवन कुवार्बी, अशोक मेहरोत्रा, सोनू सिद्दीकी सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।



