

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


मसूरी में गुरुग्राम की सॉफ्टवेयर इंजीनियर राधा गायत्री की संदिग्ध मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। शनिवार को मामले ने उस समय भावनात्मक मोड़ ले लिया जब मृतका के पिता पारुपुडी सुधाकर मसूरी कोतवाली पहुंचे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।


कोतवाली पहुंचकर मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत के मामले में पुलिस उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही मामले को गंभीरता से लेने के बजाय सामान्य घटना के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया।



पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की छवि को भी गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया, जबकि वह किसी प्रकार के नशे या शराब का सेवन नहीं करती थी। उन्होंने कहा कि परिवार लगातार मामले की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहा है।


परिजनों का कहना है कि वे शुरू से ही हत्या की आशंका जता रहे थे, लेकिन इसके बावजूद मुकदमा दर्ज करने में देरी हुई। उनका आरोप है कि मामले में कई महत्वपूर्ण सवाल अब भी अनुत्तरित हैं और जांच की दिशा को लेकर उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई है।

मीडिया से बातचीत के दौरान पिता भावुक हो गए और उन्होंने कहा कि यदि उनकी बेटी को न्याय नहीं मिला तो वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी अथवा स्वतंत्र एजेंसी की निगरानी में कराने की मांग की।

दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता और वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।


पुलिस का कहना है कि मामले में फोरेंसिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल इस मामले ने जांच प्रक्रिया और पीड़ित परिवार की अपेक्षाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर परिजन निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस का दावा है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

