

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यरो रिपोर्ट


चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र से एक गंभीर और शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक टैक्सी चालक के साथ मारपीट और अपमान किए जाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया है।


पीड़ित चालक प्रेम राम, निवासी डूंगरा बोरा, जो दिल्ली रूट पर टैक्सी चलाते हैं, ने आरोप लगाया कि बुधवार दोपहर उन्हें देवराड़ी बैंड के पास कुछ अन्य टैक्सी चालकों ने घेर लिया। आरोप है कि सवारियों से कम किराया लेने की बात को लेकर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट की गई और उनके गले में जूतों की माला पहनाई गई। इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।


घटना के बाद पीड़ित के परिजनों और ग्रामीणों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे बेहद शर्मनाक बताया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।


पीड़ित चालक ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले से उनसे रंजिश रखते थे और सवारी ढुलाई के काम में भी अनियमितताएं करते हैं। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे वे बुरी तरह भयभीत हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी चंपावत Rekha Yadav के निर्देश पर लोहाघाट थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। थाना अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों — वीरेंद्र सिंह, सोहन सिंह, हरीश सिंह बोहरा और मोहन चंद — के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


इस घटना को लेकर अनुसूचित वर्ग के लोगों में भी गहरी नाराजगी देखी जा रही है। मूल निवासी संघ के जिला अध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में लोग थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

वहीं पीड़ित चालक प्रेम राम और उनके परिजनों ने भी प्रशासन से न्याय की मांग की है और कहा है कि यह घटना न केवल उनके आत्मसम्मान पर चोट है बल्कि समाज में भय का माहौल पैदा करने वाली है।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

