हेलंग के पास दर्दनाक हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरे ट्रक चालक का शव बरामद

हेलंग के पास दर्दनाक हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरे ट्रक चालक का शव बरामद

स्थान : ज्योतिर्मठ (चमोली)
ब्यूरो रिपोर्ट

ज्योतिर्मठ (चमोली) थाना क्षेत्र ज्योतिर्मठ के अंतर्गत हेलंग के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें आईसर ट्रक गहरी खाई में गिरकर नदी तक पहुंच गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK11CA-1710 अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नदी क्षेत्र में जा पहुंचा। दुर्घटना के दौरान ट्रक में केवल चालक ही सवार था।

हादसे की सूचना मिलते ही पोस्ट ज्योतिर्मठ से एसडीआरएफ की टीम उपनिरीक्षक जगमोहन सिंह के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने पाया कि चालक वाहन से छिटककर करीब 150 मीटर नीचे पहाड़ी क्षेत्र में फंसा हुआ है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और जोखिम भरे इलाके के बीच एसडीआरएफ ने एनडीआरएफ के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।

काफी प्रयासों के बाद टीम ने चालक तक पहुंच बनाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

इसके बाद एसडीआरएफ जवानों ने शव को सावधानीपूर्वक खाई से बाहर निकाला और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है, जबकि इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।