हल्द्वानी के स्पा सेंटर में देह व्यापार का भंडाफोड़, 6 युवतियां रेस्क्यू, 4 गिरफ्तार

हल्द्वानी के स्पा सेंटर में देह व्यापार का भंडाफोड़, 6 युवतियां रेस्क्यू, 4 गिरफ्तार

स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

शहर के तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर में चल रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि एक महिला समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। मामले का मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार अनैतिक मानव व्यापार निरोधक इकाई (एएचटीयू) की प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर को लंबे समय से तिकोनिया स्थित एक स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गुरुवार शाम पुलिस टीम ने स्पा सेंटर में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान स्पा के भीतर बने दो कमरों में एक-एक युवक और युवती आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। इसके अलावा अन्य कमरों में चार युवतियां मौजूद थीं। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर युवतियों ने आरोप लगाया कि उन्हें नौकरी का झांसा देकर इस अवैध गतिविधि में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए। इनमें ग्राहकों की एंट्री से संबंधित दो रजिस्टर, नकद 4,320 रुपये तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री शामिल है। बरामद सामान को पुलिस ने सील कर अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपितों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

रेस्क्यू की गई छह महिलाओं को आवश्यक काउंसलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है, जहां उन्हें आवश्यक सहायता और संरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा और पुनर्वास को प्राथमिकता दी जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि फरार मुख्य संचालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में देह व्यापार, मानव तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने आम जनता से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।