कैंची धाम मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, 15 जून को लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारी

कैंची धाम मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, 15 जून को लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारी

ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस एवं बाबा नीम करौली महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर 15 जून 2026 को आयोजित होने वाले मेले के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष भी देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि कैंची धाम श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और हर वर्ष यहां आने वाले भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा, यातायात और सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाया गया है।

मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। इसके अलावा कुमाऊं मंडल के आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक ने भी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक स्तर पर भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की जा चुकी है। पुलिस, प्रशासन, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 13 जून से 16 जून 2026 तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। इस अवधि में किसी भी श्रद्धालु को निजी वाहन से सीधे कैंची धाम मंदिर तक जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवाओं का उपयोग करना होगा।

हल्द्वानी, काठगोदाम और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग सहित अन्य पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं रामनगर और नैनीताल क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मेट्रोपोल पार्किंग और डीएसए ग्राउंड पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन सभी स्थानों से कैंची धाम तक विशेष शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी।

मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एसएसबी, पीएसी, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, बम निरोधक दस्ता और एटीएस की तैनाती की जाएगी। पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भी उपलब्ध कराया गया है और लगभग 1500 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात रहेंगे।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी यातायात योजना का पालन करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं का सहयोग सुरक्षित, सुचारु और शांतिपूर्ण मेले के आयोजन के लिए बेहद आवश्यक है, ताकि बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन बिना किसी असुविधा के संपन्न हो सकें।