चारधाम यात्रा और मानसून को लेकर परिवहन विभाग अलर्ट, सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम

चारधाम यात्रा और मानसून को लेकर परिवहन विभाग अलर्ट, सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में मानसून के आगमन और चारधाम यात्रा के पीक सीजन को देखते हुए परिवहन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। देहरादून की आरटीओ प्रवर्तन डॉ. अनीता चमोला ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।

डॉ. अनीता चमोला ने मीडिया से बातचीत में बताया कि विभाग ने आपदा और यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए पूरी रणनीति तैयार कर ली है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

यात्रा मार्गों पर सभी प्रमुख चेकपोस्ट सक्रिय कर दिए गए हैं, जहां वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इन चेकपोस्टों को आपात स्थिति में सूचना केंद्र के रूप में भी उपयोग किया जाएगा, ताकि त्वरित समन्वय स्थापित किया जा सके।

चारधाम मार्गों पर विशेष रूप से ‘एनफोर्समेंट स्क्वाड’ तैनात किए गए हैं, जो दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। इन टीमों का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी दुर्घटना की संभावना को कम करना है।

इसके अलावा ओवरस्पीडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के लिए तीन विशेष इंटरसेप्टर टीमें भी तैनात की गई हैं। ये टीमें संवेदनशील मार्गों पर लगातार चेकिंग अभियान चला रही हैं।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये सभी व्यवस्थाएं 20 जून तक विशेष रूप से प्रभावी रहेंगी, जिसके दौरान यात्रियों की सुरक्षा और यातायात नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल नियम लागू करना नहीं बल्कि यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है। उन्होंने अपील की कि सभी यात्री यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।

प्रशासन का मानना है कि इस मजबूत निगरानी व्यवस्था से चारधाम यात्रा के दौरान दुर्घटनाओं में कमी आएगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सकेगा।