

स्थान : देहरादून
रिपोर्टर : संजय जोशी


उत्तराखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्य आंदोलनकारी मोहन पाठक ने उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर खेल विभाग के अधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।


कार्यभार संभालने के बाद खेल विभाग में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी अपर निदेशक खेल अजय अग्रवाल, सहायक निदेशक खेल संजीव पौरी तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी महेश शर्मा ने मोहन पाठक को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।



इस अवसर पर अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि मोहन पाठक के नेतृत्व और अनुभव का लाभ राज्य के खेल विकास को मिलेगा तथा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए नई पहलें की जाएंगी।


मोहन पाठक लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और राज्य निर्माण की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले मोहन पाठक समाज सेवा के विभिन्न कार्यों में भी लगातार सक्रिय रहे हैं। संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद मोहन पाठक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भारतीय जनता पार्टी संगठन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे।


उन्होंने कहा कि राज्य में खेलों को बढ़ावा देना, युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और खेल सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। साथ ही प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
खेल जगत और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोहन पाठक को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी हैं और उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड में खेलों के विकास को नई गति मिलेगी।

