

ब्यरो रेपोर्ट


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में देश के कई महत्वपूर्ण इन्फ्रास्ट्रक्चर और विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई, जिससे शहरी विकास और आवागमन व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।


बैठक में सबसे प्रमुख निर्णय अहमदाबाद मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के विस्तार को लेकर लिया गया। कैबिनेट ने मेट्रो फेज 2ए के तहत 6 किलोमीटर लंबे नए कॉरिडोर को मंजूरी दी है, जिसमें 5 नए स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना से अहमदाबाद में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।



इस विस्तार परियोजना पर लगभग 2169 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। अधिकारियों के अनुसार इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो रूट का विस्तार बढ़कर 77.63 किलोमीटर तक पहुंच जाएगा। साथ ही इस परियोजना से लगभग 2500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना भी जताई गई है।

कैबिनेट बैठक में आंध्र प्रदेश की नई राजधानी अमरावती से जुड़े दो बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को भी मंजूरी दी गई। इनमें सरकारी कार्यालयों के लिए विशाल भवन निर्माण और आवासीय सुविधाओं के विकास की योजनाएं शामिल हैं, जिन पर हजारों करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के तहत 1299 करोड़ रुपये की लागत से सेंट्रल गवर्नमेंट जनरल पूल ऑफिस अकॉमोडेशन और 1235 करोड़ रुपये की लागत से जनरल पूल रेजिडेंशियल अकॉमोडेशन विकसित किए जाएंगे। इनसे नई राजधानी में प्रशासनिक ढांचे को मजबूती मिलेगी।

बैठक में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट निर्णयों की जानकारी दी और कहा कि देश के विकास की यात्रा में यह एक महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने कहा कि आज भारत विकास और सुशासन के नए मॉडल की ओर आगे बढ़ रहा है और जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।


इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 4399 दिनों तक देश के चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने के रिकॉर्ड का भी उल्लेख किया गया। कैबिनेट ने इस उपलब्धि को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया।

