

स्थान :हरिद्वार
ब्यरो रेपोर्ट


सिडकुल क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय हरकत करने के आरोप में पांच महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


जानकारी के अनुसार राठौर प्लाजा होटल के सामने कुछ महिलाओं द्वारा राहगीरों के साथ अशोभनीय व्यवहार किए जाने की शिकायतें लगातार पुलिस को मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अजय शाह के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया।



पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पांच महिलाओं को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई और लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी गई।


महिला उपनिरीक्षक मनीषा नेगी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने सभी महिलाओं को आवश्यक पूछताछ के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया। इसके बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित महिलाओं के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच भी जारी है ताकि सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।

इसी क्रम में थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस ने पेंटागन मॉल स्थित एक स्पा सेंटर पर भी छापेमारी की। छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर की गतिविधियों और दस्तावेजों की जांच की गई।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अधिकारियों ने आम जनता से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

