हल्द्वानी में सड़क निर्माण को लेकर व्यापारियों का आक्रोश, सिटी मजिस्ट्रेट का घेराव

हल्द्वानी में सड़क निर्माण को लेकर व्यापारियों का आक्रोश, सिटी मजिस्ट्रेट का घेराव

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

शहर के मीरा मार्ग, सदर बाजार सहित अन्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सीवरेज लाइन डालने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने से व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नाराज व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट का घेराव कर प्रशासन और निर्माण एजेंसियों के खिलाफ विरोध जताया।

व्यापारियों का आरोप है कि सीवरेज लाइन बिछाने के बाद सड़कें लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी हैं, जिससे आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं और व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य कर रही पेयजल निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान व्यापारियों की नाराजगी को देखते हुए मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई ने स्थिति को संभाला और संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए। उन्होंने पेयजल निगम के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी बाजार क्षेत्रों की सड़कों को दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।

सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों को अधर में छोड़ना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और काम में तेजी लाकर जल्द से जल्द जनता को राहत दी जाए।

गौरतलब है कि मीरा मार्ग, सदर बाजार और कारखाना बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्रों में पहले से ही अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। इसके चलते लोगों और व्यापारियों को लगातार जाम और आवागमन की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब सड़कें खुदी रहने से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़कों की मरम्मत नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। फिलहाल प्रशासन ने विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया है।