

स्थान : कालाढूंगी
ब्यरो रेपोर्ट


कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवलचौड़ में मंगलवार को भाजपा नेता मनोज पाठक द्वारा रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को विस्तार से सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।


रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य स्थानीय समस्याओं को भाजपा नेता के समक्ष रखा। मनोज पाठक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण उनकी प्राथमिकता है।



इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों ने कई लंबे समय से लंबित समस्याओं को उठाया, जिस पर नेता ने अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समाधान की दिशा में कार्य करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।


राजनीतिक गलियारों में इस रात्रि चौपाल को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। इसे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज पाठक ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल जनसेवा और संगठन को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन सर्वोपरि है और पार्टी नेतृत्व जिस भी कार्यकर्ता या प्रत्याशी को अवसर देगा, सभी कार्यकर्ता उसके साथ पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की जीत सुनिश्चित करना सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मनोज पाठक ने कहा, “पार्टी जिस व्यक्ति को उम्मीदवार बनाएगी, उसे संगठन की ताकत के साथ चुनाव लड़ाया जाएगा और भारी मतों से विजयी बनाने का कार्य किया जाएगा।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका मुख्य उद्देश्य जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है।


रात्रि चौपाल का कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा, जिसमें ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच खुला संवाद हुआ। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे कार्यक्रमों से क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी और विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।

