

स्थान : चंपावत
ब्यरो रेपोर्ट


जनपद चंपावत के बाराकोट विकासखंड अंतर्गत चोमेल क्षेत्र की चामी ग्राम सभा में सोमवार दोपहर भीषण आग लगने से ग्रामीण टीका सिंह के छह घास के लुटे जलकर राख हो गए। आग की इस घटना से ग्रामीण को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।


जानकारी के अनुसार आग अचानक घास के लुटों में लग गई और देखते ही देखते तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें पास स्थित गौशाला तक पहुंच गईं, जिससे वहां बंधी एक भैंस झुलस गई। घटना के समय परिवार के सदस्य खेतों में काम करने गए हुए थे, जिसके कारण शुरुआती समय में आग पर काबू पाने में कठिनाई हुई।



चामी के पूर्व प्रधान प्रकाश महर ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने सबसे पहले गौशाला में बंधी भैंस को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच गई। साथ ही उन्होंने गौशाला को भी पूरी तरह जलने से बचा लिया।

हालांकि आग की चपेट में आकर टीका सिंह के जानवरों के चारे के लिए बनाए गए छह घास के लुटे पूरी तरह जलकर राख हो गए। इन लुटों में पशुओं के लिए बड़ी मात्रा में चारा संग्रहित किया गया था, जिसके नष्ट होने से परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो यह गांव की ओर भी फैल सकती थी, जिससे कई घर और अन्य संपत्तियां खतरे में पड़ सकती थीं। ग्रामीणों की सजगता और सामूहिक प्रयासों से आग को आगे बढ़ने से रोक लिया गया।

पूर्व प्रधान प्रकाश महर ने बताया कि आग की घटना से प्रभावित परिवार को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का आकलन कर पीड़ित ग्रामीण को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि उसे आर्थिक राहत मिल सके।


आग बुझाने के कार्य में हयात सिंह, भूवन सिंह, सुरेश सिंह, गंगा सिंह, अनीता देवी, दीपा देवी, कुंवर सिंह, मोहन सिंह सहित कई ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास और सतर्कता के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई और गांव को संभावित नुकसान से बचाया जा सका।

