

स्थान : चंपावत
ब्यरो रेपोर्ट


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।


जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



कार्यक्रम के दौरान पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल निर्माण, जंगली जानवरों के आतंक, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, कृषि, उद्यान, सिंचाई, उरेड़ा, समाज कल्याण और आपूर्ति विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। लोगों ने अपनी स्थानीय समस्याओं को खुलकर प्रशासन के समक्ष रखा।


जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सभी विभाग शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान करें ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान पर संतोष व्यक्त किया और प्रशासन का आभार जताया। कई शिकायतकर्ताओं ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा सीधे शिकायतें सुनने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने से उन्हें राहत मिली है।


जनता दरबार की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रत्येक सप्ताह बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और विभागवार शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

