

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा


दिनांक 05.06.2026 को विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के तहत अवैध मादक द्रव्यों के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। यह अभियान संयुक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप कुमार के आदेशों के अनुपालन में चलाया गया।


इस अभियान के अंतर्गत आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट, क्षेत्र-4 बाजपुर के नेतृत्व में मसीत, केलाखेड़ा, कुईखेडा एवं सरकड़ी क्षेत्रों में संयुक्त दबिश दी गई। कार्रवाई में क्षेत्र-4 बाजपुर, मण्डलीय प्रवर्तन दल (कुमाऊं मंडल), जनपदीय प्रवर्तन दल तथा क्षेत्र-01 रुद्रपुर की संयुक्त टीम शामिल रही।



दबिश के दौरान अवैध शराब निर्माण स्थलों की गहन तलाशी ली गई। इस दौरान टीम ने करीब 130 लीटर कच्ची शराब बरामद की, जिसे तुरंत कब्जे में लिया गया।


इसके साथ ही लगभग 12,000 किलोग्राम लहन (कच्ची शराब बनाने में प्रयुक्त कच्चा माल) को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जिससे अवैध शराब निर्माण की संभावनाओं पर रोक लगाई जा सके।

कार्रवाई के दौरान अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत तीन अभियोग पंजीकृत किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


इस संयुक्त अभियान में आबकारी निरीक्षक प्रताप राम, उप आबकारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार, प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कम्बोज, विकास रावत, संतोष लोहानी, दीपक दुबे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।


वहीं टीम में आबकारी सिपाही वीरेंद्र कुमार, वंदना घिल्डियाल, अर्चना यादव, रेनुका बोरा एवं गीता जोशी भी शामिल रहे। विभाग ने आगे भी इस प्रकार के सघन प्रवर्तन अभियानों को जारी रखने की बात कही है, ताकि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

