ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे की शिकायत, जांच में जुटा प्रशासन

ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे की शिकायत, जांच में जुटा प्रशासन

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

डोईवाला के मरखम ग्रांट बुल्लावाला स्थित कम्बोज मोहल्ला में ग्राम समाज की भूमि पर कथित कब्जे की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। शिकायत मिलने पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।

निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान परमिंदर सिंह और क्षेत्रीय लेखपाल सत्यपाल भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित भूमि का जायजा लिया तथा भूमि के स्वामित्व और रिकॉर्ड से जुड़ी जानकारी एकत्रित की। स्थानीय लोगों से भी मामले को लेकर जानकारी ली गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम समाज की जमीन पर अवैध रूप से बाउंड्री वॉल का निर्माण कर कब्जा किया गया है। इतना ही नहीं, उक्त भूमि पर खेती-बुवाई भी किए जाने की बात सामने आई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा पूर्व में इस भूमि को कब्जामुक्त कराया जा चुका था। इसके बावजूद दोबारा जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत सामने आने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम प्रधान परमिंदर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित स्थल का निरीक्षण किया गया है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

उन्होंने बताया कि संबंधित व्यक्ति ने भूमि से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज दो दिन के भीतर प्रशासन को उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। दस्तावेज प्राप्त होने के बाद राजस्व अभिलेखों से उनका मिलान किया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और ग्राम समाज की भूमि को संरक्षित करने के लिए उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।