

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


पर्यटन सीजन अपने चरम पर है और देश विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंच रहे हैं। लेकिन पर्यटन नगरी की यातायात और बुनियादी व्यवस्थाएं लगातार सवालों के घेरे में हैं। शहर में रोजाना लगने वाले लंबे जाम के कारण न केवल पर्यटक बल्कि स्थानीय लोगों को भी घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले प्रशासन और विभिन्न विभागों द्वारा यातायात व्यवस्था को लेकर कई बैठकें आयोजित की गई थीं। इन बैठकों में जाम की समस्या से निपटने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे किए गए थे। हालांकि सीजन शुरू होने के बाद धरातल पर इन तैयारियों का असर कहीं दिखाई नहीं दे रहा है।



शहर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव का सबसे अधिक असर स्कूली छात्र छात्राओं पर पड़ रहा है। सुबह और दोपहर के समय लगने वाले जाम के कारण बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने और घर लौटने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों में भी इस स्थिति को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।


यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका ने तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था। इसके साथ ही 35 लोगों को संविदा पर नियुक्त कर ट्रैफिक संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बावजूद इसके शहर की प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है और समस्या पहले की तरह बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान ही लंढोर बाजार क्षेत्र की सड़क को खोद दिया गया, जिससे यातायात और अधिक प्रभावित हुआ। वहीं मोतीलाल नेहरू मार्ग पर भी सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। ऐसे समय में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों ने ट्रैफिक दबाव को और बढ़ा दिया है।

नागरिकों का आरोप है कि सीजन शुरू होने से पहले वैकल्पिक मार्गों और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। विशेष रूप से एलेन स्कूल के निकट रामादेवी मार्ग की सीढ़ियों को हटाकर वाहनों के लिए रास्ता बनाने की योजना लंबे समय से लंबित है। यदि यह कार्य समय पर पूरा हो जाता तो कई क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सकता था।


स्थानीय लोगों और अभिभावकों का मानना है कि रामादेवी मार्ग विकसित होने से सेंट क्लेयर स्कूल, बाल शिक्षा सदन, वायनबर्ग एलेन स्कूल, सेंट जॉर्ज कॉलेज, हिलबर्ड स्कूल और आरएन भार्गव इंटर कॉलेज के हजारों छात्र-छात्राओं को राहत मिल सकती है। लोगों ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाकर जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि पर्यटन नगरी की छवि और आम लोगों की सुविधाएं दोनों सुरक्षित रह सकें।

