भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय कुमाऊँनी श्रीराम कथा का शुभारंभ

भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय कुमाऊँनी श्रीराम कथा का शुभारंभ

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

लोहाघाट में देवांचल सेवा संस्थान और श्री रामसेवा सांस्कृतिक रामलीला कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमयी कुमाऊँनी श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। श्री रामलीला मंच में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति देखने को मिली।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा श्री राम मंदिर लोहाघाट से प्रारंभ होकर हनुमान मंदिर और ऋशेश्वर महादेव मंदिर होते हुए मुख्य बाजार के रास्ते रामलीला मंच पहुंची। यात्रा के दौरान पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक कुमाऊँनी वेशभूषा में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के भजन, कीर्तन और गुणगान करते हुए नगर भ्रमण किया। जय श्रीराम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।

रामसेवा सांस्कृतिक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता ने बताया कि नौ दिवसीय श्रीराम कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य प्रकाश कृष्ण शास्त्री महाराज द्वारा कुमाऊँनी भाषा में किया जा रहा है। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक रामलीला मंच में होगा।

उन्होंने कहा कि कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म, मर्यादा, त्याग और मानव कल्याण के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कथा श्रवण से लोगों को आध्यात्मिक ज्ञान और सांस्कृतिक मूल्यों की प्रेरणा मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्य यजमान सुरेंद्र सिंह ढेक ने अपनी धर्मपत्नी के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर कथा यज्ञ का शुभारंभ कराया। कथा के उपरांत प्रतिदिन आरती और प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भाग लेंगे।

आयोजन समिति के अनुसार कथा का समापन 12 जून 2026 को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। इसके अलावा 12, 13 और 14 जून को सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा महिला रामलीला का भी आयोजन प्रस्तावित है।

कथा के प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलीला मैदान पहुंचे और कथा का रसपान किया। आयोजन समिति और कमेटी अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।