

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


हरिद्वार में मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आमजन की समस्याएं विस्तार से सुनीं इस दौरान बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।


जनसुनवाई में लोगों ने मुख्य रूप से अतिक्रमण, बिजली आपूर्ति और पेयजल संकट से जुड़ी शिकायतें उठाईं कई शिकायतकर्ताओं ने अपने क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी भी व्यक्त की और शीघ्र समाधान की मांग की।



जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि बार-बार आने वाली शिकायतों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और अब ऐसे मामलों में अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।


डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण में पहले की तुलना में सुधार हुआ है, क्योंकि अधिकारी लगातार ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से समस्याओं का समाधान करने में जुटे हैं उन्होंने कहा कि पारदर्शी और तेज़ समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है साथ ही बिजली, पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मानसून से पहले नालों और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके इसके अलावा सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।



उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी प्रशासन जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

