महिला रामलीला प्रतियोगिता के दूसरे दिन का समापन, अल्मोड़ा की टीम ने मारी बाजी

महिला रामलीला प्रतियोगिता के दूसरे दिन का समापन, अल्मोड़ा की टीम ने मारी बाजी

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

रानीखेत में सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महिला रामलीला प्रतियोगिता के दूसरे दिन का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसएसबी के सेवानिवृत्त सहायक सेना नायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता दीप पांडे ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख रचना रावत भी मौजूद रहीं।

इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष विमल सती तथा मिशन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हेमंत अग्रवाल ने भी संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया अतिथियों का स्वागत शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न महिला समूहों ने रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों का मनमोहक मंचन प्रस्तुत किया उन्नति महिला समूह सौनी ने अशोक वाटिका में रावण–सीता संवाद, श्री राम सांस्कृतिक सामाजिक सेवा समिति अल्मोड़ा ने श्रवण भक्ति प्रसंग, चौरा विश्वनाथ रामलीला समिति अल्मोड़ा ने हनुमान–मकरध्वज संवाद तथा श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब अल्मोड़ा ने लक्ष्मण–मेघनाथ संवाद की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में कलाकारों की जीवंत अभिनय शैली, वेशभूषा और संवाद अदायगी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया पूरे आयोजन के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा और दर्शकों ने प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।

मुख्य अतिथि दीप पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम ने हर परिस्थिति में मानवीय मूल्यों, धर्म और कर्तव्य का सर्वोच्च आदर्श प्रस्तुत किया है, जिससे प्रेरणा लेना आवश्यक है उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों, सिद्धांतों और सदाचार से कभी समझौता नहीं करना चाहिए।

उन्होंने श्रवण कुमार की माता-पिता के प्रति भक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए साथ ही उन्होंने कहा कि 1860 से प्रारंभ कुमाऊनी रामलीला हमारी सांस्कृतिक विरासत है, जिसे संजोकर रखना हम सभी का दायित्व है।

विशिष्ट अतिथि रचना रावत ने महिला रामलीला आयोजन के माध्यम से महिलाओं को मंच प्रदान करने के लिए सांस्कृतिक समिति का आभार व्यक्त किया और इसे सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रतियोगिता के परिणामों में श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब अल्मोड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, मातृ शक्ति समूह रानीखेत द्वितीय और गौरा स्वयं सहायता समूह चिलियानौला तृतीय स्थान पर रहा सर्वश्रेष्ठ अभिनय, निर्देशन एवं वेशभूषा का पुरस्कार भी हुक्का क्लब अल्मोड़ा को प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में रंगकर्मी संदीप गोरखा, बलवंत सिंह अधिकारी और सुरेश फर्त्याल उपस्थित रहे संचालन दीपक पंत और संजय पंत द्वारा किया गया आयोजन में सांस्कृतिक समिति के कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।