

स्थान : उत्तरकाशी
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तरकाशी जनपद की भटवाड़ी तहसील अंतर्गत प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक मार्ग पर एक महिला ट्रेकर के लापता होने के बाद प्रशासन ने व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है जिला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न एजेंसियां लगातार महिला की तलाश में जुटी हुई हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन सदस्यीय ट्रेकर दल 29 मई को दयारा बुग्याल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था इसी दौरान दल की एक सदस्य, लगभग 30 वर्षीय बबीता पाण्डेय के लापता होने की सूचना 30 मई को प्राप्त हुई सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को अलर्ट कर खोज अभियान प्रारंभ कर दिया गया।



जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर आपातकालीन परिचालन केंद्र, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, वन विभाग, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियों ने समन्वित रूप से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी उपलब्ध संसाधन जुटाए गए हैं।


31 मई से अभियान को और व्यापक बनाते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डॉग स्क्वॉड, ड्रोन ऑपरेटर टीम तथा आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मियों को भी तलाश अभियान में लगाया गया है दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण खोज कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

वन विभाग की अतिरिक्त टीमों को भी मौके पर तैनात किया गया है अधिकारी और कर्मचारी जंगलों तथा ट्रेक मार्ग के आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं ताकि महिला ट्रेकर का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।


जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खोज अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें उन्होंने कहा कि लापता महिला की सुरक्षित तलाश के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।



फिलहाल जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है खोज एवं बचाव अभियान जारी है और प्रशासन को उम्मीद है कि संयुक्त प्रयासों से महिला ट्रेकर का जल्द पता लगाया जा सकेगा।

