सोमवार से पर्यटकों के लिए खुलेगी विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी

सोमवार से पर्यटकों के लिए खुलेगी विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी

स्थान : फूलों की घाटी
ब्यूरो रिपोर्ट

चमोली जनपद की उच्च हिमालयी भ्यूंडार घाटी में स्थित विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान सोमवार, से प्रकृति प्रेमी पर्यटकों के लिए खोल दी जाएगी यूनेस्को की विश्व प्राकृतिक धरोहर सूची में शामिल यह घाटी अपनी दुर्लभ पुष्प जैव विविधता और मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है।

इस वर्ष घाटी खुलने से पहले ही प्रकृति की मेहरबानी देखने को मिल रही है घाटी में विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे एल्पाइन फूल खिलने लगे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र की सुंदरता और अधिक बढ़ गई है शुरुआती सीजन में ही घाटी रंगों की चादर ओढ़ती नजर आ रही है।

पर्यटन सीजन को देखते हुए पार्क प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं रविवार को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अभिमन्यु ने स्वयं घाटी पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रेंज अधिकारी चेतना काण्डपाल ने बताया कि सोमवार सुबह मुख्य प्रवेश द्वार पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पर्यटकों के पहले दल को घाटी के लिए रवाना किया जाएगा इस अवसर पर पार्क प्रशासन, ईडीसी भ्यूंडार, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रकृति प्रेमी भी मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि सभी पर्यटकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत परमिट जारी किए जाएंगे और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही घाटी में प्रवेश दिया जाएगा पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

पार्क प्रशासन घाटी के पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है वन विभाग के कर्मचारी लगातार गश्त कर रहे हैं और घाटी के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है जैव विविधता की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पार्क कर्मियों की तैनाती की गई है।

वर्तमान में घाटी में कोरिउलिस काशमीरियाना, हैबेनेरिया पेक्टिनाटा, अरिसेमा प्रोपिनक्वम, पोटेंटिला, अनेमोनी, रोजा सेरसिया, थर्मोप्सिस बारबाटा, जिम्नाडेनिया, ऑर्किड प्रजातियां, प्रिमुला तथा अन्य कई दुर्लभ हिमालयी पुष्प खिल चुके हैं आने वाले सप्ताहों में फूलों की संख्या और विविधता बढ़ने के साथ घाटी का सौंदर्य अपने चरम पर पहुंचने की उम्मीद है।