

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी 1 जून को कृषि विभाग द्वारा आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे यह कार्यक्रम देहरादून जनपद के ढाकी, सहसपुर क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जिसमें किसान, कृषि विशेषज्ञ और विभागीय अधिकारी शामिल होंगे।


कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री किसानों के साथ संवाद स्थापित कर कृषि भूमि संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे साथ ही किसानों की समस्याओं और सुझावों को भी सुना जाएगा।



कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि किसानों में जन-जागरण और कृषि भूमि संरक्षण के उद्देश्य से 1 जून से 30 जून तक पूरे प्रदेश में ‘खेत बचाओ अभियान’ चलाया जाएगा अभियान के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।


उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) निर्माण, सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने का विशेष प्रयास किया जाएगा इससे किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।

कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि भूमि का संरक्षण वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता है लगातार बढ़ते शहरीकरण और भूमि उपयोग में बदलाव के कारण खेती योग्य भूमि प्रभावित हो रही है, जिसे बचाने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है सरकार कृषि विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है।


गणेश जोशी ने कहा कि ‘खेत बचाओ अभियान’ केवल कृषि भूमि को संरक्षित करने का प्रयास नहीं है, बल्कि यह किसानों के सम्मान, ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा एक व्यापक जनआंदोलन है उन्होंने किसानों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।

