हल्द्वानी में पेयजल संरक्षण को लेकर प्रशासन सख्त, अवैध जल दोहन पर चला अभियान

हल्द्वानी में पेयजल संरक्षण को लेकर प्रशासन सख्त, अवैध जल दोहन पर चला अभियान

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

जनपद नैनीताल में भीषण गर्मी और संभावित पेयजल संकट को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा 21 मई 2026 को जारी आदेशों के अनुपालन में पेयजल संरक्षण एवं अवैध जल दोहन रोकने के लिए व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

नगर मजिस्ट्रेट एवं संयुक्त सचिव हल्द्वानी ए.पी. बाजपेयी के निर्देशन में सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं की संयुक्त टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कमलुवागाजा रोड, गैस गोदाम रोड, आरटीओ रोड और कालाढूंगी रोड सहित कई इलाकों में संचालित निजी निर्माण कार्यों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान 30 से अधिक निर्माणाधीन निजी भवनों का परीक्षण किया गया। टीम ने निर्माण कार्यों में पेयजल के उपयोग और जलापूर्ति लाइनों से अवैध जल दोहन की शिकायतों की गहनता से जांच की।

जांच के दौरान प्रशासन को कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन मिलता दिखाई दिया। टीम ने पेयजल लाइनों से अवैध रूप से पानी खींचने के लिए लगाए गए 05 टुल्लू पंप बरामद कर जब्त किए। अधिकारियों ने संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश दिए।

नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी ने कहा कि आम जनता को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और पेयजल का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में पेयजल का अवैध उपयोग गंभीर विषय है और इस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि भविष्य में कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन द्वारा चलाया गया यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। निरीक्षण टीम में सहायक अभियंता सुधांशु सिंह, अवर अभियंता प्रदीप अवस्थी, प्रेरणा नैनवाल और टिया डालाकोटी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।